त्योहारों को लेकर पाली में पुलिस का फ्लैग मार्च, भाईचारे के साथ मनाने की अपील

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस / हरदोई: आगामी त्योहारों के मद्देनजर पाली कस्बे में कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च किया। सीओ आलोक राज नारायण एवं उपजिलाधिकारी शिवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पाली नगर के प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से संवाद किया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने बारा वफात समेत आगामी सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन के साथ-साथ आम नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए त्योहार मनाएं और किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचें, जिससे माहौल खराब हो।
अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कस्बे में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
फ्लैग मार्च में पाली थानाध्यक्ष विजय कुमार सिंह सहित थाने का समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। पुलिस अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान व्यापारियों, राहगीरों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक जानकारी भी ली। पुलिस प्रशासन की ओर से लोगों को विश्वास दिलाया गया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।






