उत्तराखंडऊखीमठ

मद्महेश्वर धाम यात्रा आज से फिर शुरू, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जिला संवाददाता – नरेंद्र रावत

जन एक्सप्रेस / ऊखीमठ: जनसुरक्षा एवं व्यापक जनहित में अस्थायी रूप से स्थगित की गई श्री मद्महेश्वर धाम यात्रा-2026 आज 19 अगस्त से पुनः शुरू हो गई। यात्रा के संचालन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मार्ग, ट्रॉली स्थल और आपदा प्रबंधन से जुड़े इंतजामों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

यात्रा पुनः शुरू करने का निर्णय उप जिलाधिकारी ऊखीमठ की ओर से पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, लोक निर्माण विभाग, तहसील प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन विभाग से प्राप्त रिपोर्ट एवं स्थलीय स्थिति के आधार पर लिया गया। संबंधित विभागों की जांच आख्या के बाद मार्ग को यात्रियों के आवागमन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के उपरांत यात्रा संचालन की अनुमति दी गई।

ट्रॉली स्थल पर पुलिस बल तैनात

यात्रा के दौरान ट्रॉली स्थल पर भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। महिला एवं बुजुर्ग यात्रियों की सहायता के साथ ही किसी आकस्मिक स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

यात्रा मार्ग पर दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और खोज एवं बचाव दलों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। संबंधित विभागों को मार्ग, पुल-पुलिया, ट्रॉली स्थल, सुरक्षा उपकरण समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।

तीन चरणों में चलेगी ट्रॉली

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए ट्रॉली संचालन का समय भी निर्धारित किया गया है। ट्रॉली का संचालन—

– सुबह 6:30 से 9:00 बजे तक
– सुबह 10:30 से दोपहर 1:00 बजे तक
– दोपहर 2:30 से शाम 6:00 बजे तक

होगा। इन निर्धारित समयांतरालों के बीच विश्राम एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए हॉल्ट रहेगा।

प्रशासन ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग की स्थिति, यातायात व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी इंतजाम शासन के निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button