विकास की फाइलें भीगीं या व्यवस्था? डीएम ऑफिस में घुटनों तक भरा पानी

रिपोर्ट-प्रशांत तिवारी
जन एक्सप्रेस/हरदोई हरदोई शहर में बुधवार को करीब दो घंटे हुई झमाझम बारिश ने जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। हालात ऐसे रहे कि जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय परिसर भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। जिस कार्यालय से जिले के विकास की योजनाएं तैयार होती हैं और अधिकारियों के स्तर से शहर की व्यवस्थाओं की निगरानी की जाती है, उसी परिसर में लोगों को घुटनों तक भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा।बारिश के दौरान डीएम कार्यालय परिसर और आसपास के हिस्सों में पानी जमा हो गया। जिलाधिकारी से अपनी समस्याओं को लेकर मिलने पहुंचे फरियादियों को भी जलभराव के बीच रास्ता बनाकर कार्यालय तक पहुंचना पड़ा। कई लोगों के लिए यह स्थिति परेशानी के साथ-साथ हैरानी का कारण भी बनी। लोगों का कहना था कि जब जिले के सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यालय में बारिश का पानी भर जाता है तो शहर के दूसरे इलाकों की स्थिति का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

जल निकासी को लेकर दावे और तैयारियां की जाती हैं, लेकिन बारिश होते ही वही दावे पानी में बहते दिखाई देते
डीएम कार्यालय में जलभराव का दृश्य सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया। लोगों ने सवाल उठाया कि हर साल बारिश से पहले जल निकासी को लेकर दावे और तैयारियां की जाती हैं, लेकिन बारिश होते ही वही दावे पानी में बहते दिखाई देते हैं।शहर के कई प्रमुख मार्गों और मोहल्लों में भी बारिश के बाद जलभराव की स्थिति बनी रही। जगह-जगह पानी जमा होने से आवागमन प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है।विकास को लेकर जिले में समय-समय पर योजनाओं और उपलब्धियों का जिक्र होता है। वहीं धरातल पर बारिश के दौरान सामने आने वाली तस्वीरें इन दावों पर सवाल खड़े कर देती हैं। लोगों का कहना है कि विकास का असली पैमाना कागजों पर बनी योजनाएं नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाली सुविधाएं हैं।डीएम कार्यालय परिसर में भरा पानी इसी व्यवस्था पर बड़ा सवाल बनकर सामने आया। लोगों की उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल निकासी की ठोस व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे, ताकि अगली बारिश में शहरवासियों को ऐसी परेशानी का सामना न करना पड़े।






