किसानों की समस्याएं सुनने धरना स्थल पहुंचीं एसडीएम, समाधान का दिया भरोसा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस/हरदोई: सवायजपुर तहसील में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों द्वारा किये जा रहे धरने को गम्भीरता से लेते हुए नवागन्तुक एसडीएम शिवानी सिंह मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचीं और उन्होंने भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों एवं किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याएं सुनीं। एसडीएम ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों का नियमानुसार परीक्षण कराकर संबंधित विभागों से आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह तोमर की अगुवाई में किसान रामगंगा नदी के तटवर्ती एवं आसपास के गांवों में बुनियादी सुविधाओं की कमी सहित विभिन्न मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय के समीप धरने पर बैठे थे। किसानों ने क्षेत्र में राजस्व कर्मचारियों की नियमित मौजूदगी, विकास कार्यों में तेजी, अलीगंज-ननखिरिया के पास पैट्रून पुल का निर्माण तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार सहित कई मांगें रखीं।
किसानों ने एसडीएम को बताया कि रामगंगा नदी के आसपास बसे गांवों में आवागमन, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी कई समस्याएं हैं। उन्होंने मांगों के संबंध में पूर्व में अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना-पत्रों का भी हवाला दिया।
दोपहर करीब 3:15 बजे उपजिलाधिकारी शिवानी सिंह धरना स्थल पर पहुंचीं और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने हाल ही में सवायजपुर तहसील का कार्यभार संभाला है और क्षेत्र की सभी समस्याओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि संबंधित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा और समस्याओं की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तैयार कराकर उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
एसडीएम ने कहा कि किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं का नियमानुसार समाधान कराने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता से प्रयास करेगा। उनके आश्वासन के बाद किसानों ने भी प्रशासन को समस्याओं के समाधान के लिए समय देने की बात कही।
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष दिनेश सिंह तोमर ने बताया कि तहसील प्रशासन को 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में मांगों पर ठोस कार्रवाई न होने पर यूनियन आगे की रणनीति तय करेगी।






