
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ तथा ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत विकासखंड भटवाड़ी के राजकीय इंटर कॉलेज मानपुर में जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
शिविर में दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार और उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं। कुल 53 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया।
शिविर में स्वास्थ्य केंद्र निर्माण से कृषि भूमि को नुकसान, विधवा पेंशन, खेल मैदान की मांग, अवैध अतिक्रमण तथा भालू के खतरे को देखते हुए वन विभाग की गश्त बढ़ाने जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं।
विभिन्न विभागों ने शिविर में अपनी सेवाएं भी प्रदान कीं। स्वास्थ्य एवं आयुष विभाग ने 40 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित कीं। पशुपालन विभाग ने 23 पशुपालकों के 74 पशुओं का उपचार किया। कृषि विभाग ने 15 किसानों को योजनाओं की जानकारी और कृषि उपकरण उपलब्ध कराए। समाज कल्याण विभाग ने 5, उद्यान विभाग ने 25, विद्युत विभाग ने 10, बाल विकास विभाग ने 25, डेयरी विभाग ने 20 और सहकारिता विभाग ने 20 लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी दी। पंचायतीराज विभाग ने परिवार रजिस्टर संशोधन का कार्य भी किया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कहा कि सेवा पखवाड़ा के माध्यम से सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने सभी विभागों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर दर्जाधारी राज्यमंत्री प्रताप सिंह पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, ब्लॉक प्रमुख ममता पंवार, ग्राम प्रधान शंकर भट्ट, साजन कोहली, कविता देवी, विवेक गुसाईं, सुरेश पंवार, अनीता देवी, शंकर सिंह, सत्यनारायण सेमवाल, सीता देवी, शुभम मराठा, उपजिलाधिकारी शालिनी नेगी, बीडीओ अमित ममगई सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






