चिन्यालीसौड़ में लोक कल्याण मेले का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

जन एक्सप्रेस /चिन्यालीसौड़, नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के सभागार में लोक कल्याण मेले का आयोजन किया गया। मेले का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे आम लोगों तक पहुंचाना तथा छोटे व्यापारियों और फेरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना था। कार्यक्रम के दौरान भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के किसी प्रतिनिधि के उपस्थित न होने पर पालिका अध्यक्ष ने नाराजगी व्यक्त की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद चिन्यालीसौड़ के अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम ने की। मेले में बड़ेथी नागणी, चिन्यालीसौड़, पीपलमंडी और सूलीथांग क्षेत्र के व्यापारी, फेरी व्यवसायी तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थी शामिल हुए।
मेले में सिटी मिशन मैनेजर, विभिन्न बैंक प्रतिनिधियों, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी मिल सकता है, जब पात्र व्यक्तियों तक सही और समय पर जानकारी पहुंचे।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को ऋण सुविधाओं, बैंकिंग सेवाओं, क्रेडिट कार्ड आवेदन प्रक्रिया तथा डिजिटल भुगतान प्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके अलावा जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, श्रमिक पंजीकरण, श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं पर भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों, बैंक अधिकारियों और विभागीय प्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिनका अधिकारियों ने समाधान बताया तथा योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई।
पालिका अध्यक्ष मनोज कोहली श्याम और अधिशासी अधिकारी कुसुम राणा ने कहा कि ऐसे आयोजन आमजन को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और पात्र लाभार्थियों तक सुविधाएं पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।





