उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

जौनपुर में जेम पोर्टल पर शासकीय खरीद को लेकर क्रेता विभागों का प्रशिक्षण, विशेषज्ञों ने बताई अनिवार्य प्रक्रिया

जन एक्सप्रेस /जौनपुर: जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित प्रेक्षागृह में 31 दिसंबर को जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल के माध्यम से शासकीय क्रय को सुचारू रूप से संपादित करने के उद्देश्य से क्रेता विभागों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जेम पोर्टल के प्रभावी उपयोग एवं खरीद प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला में आयुक्त एवं निदेशक उद्योग, राज्य जेम प्रकोष्ठ, लखनऊ द्वारा नामित जेम विशेषज्ञ अंकित शुक्ला ने जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विभागों द्वारा अपनाई जाने वाली निविदा एवं क्रय पद्धतियों, ऑनलाइन प्रक्रियाओं तथा पोर्टल के उपयोग में आने वाली व्यवहारिक समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही विभागीय अधिकारियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समाधान भी किया गया!

विषय विशेषज्ञ ने जानकारी दी कि जेम पोर्टल के माध्यम से सभी शासकीय विभागों एवं संस्थाओं द्वारा वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि 50 हजार रुपये तक की सीधी खरीद जेम पोर्टल पर उपलब्ध किसी भी ऐसे आपूर्तिकर्ता से की जा सकती है, जो निर्धारित गुणवत्ता, विशिष्टताओं एवं आपूर्ति अवधि को पूरा करता हो।
50 हजार से अधिक एवं 10 लाख रुपये तक की खरीद तुलनात्मक आधार पर एल-1 (सबसे कम दर) आपूर्तिकर्ता से की जाएगी, जिसमें कम से कम तीन योग्य विक्रेताओं या निर्माताओं की तुलना आवश्यक होगी। वहीं 10 लाख रुपये से अधिक की खरीद अनिवार्य रूप से ऑनलाइन बिडिंग अथवा रिवर्स ऑक्शन टूल के माध्यम से की जाएगी।

कार्यशाला में वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित जिला सेवायोजन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जल निगम, अभियोजन, चकबंदी, ग्राम्य विकास, कृषि, विद्युत, गन्ना विकास, उद्यान, शिक्षा, जिला पूर्ति, खेल विभाग, युवा कल्याण, राज्यकर, स्वास्थ्य विभाग, निर्वाचन एवं सूचना विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में उपायुक्त उद्योग ने सभी उपस्थित विभागों के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला के सफल आयोजन की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button