देश

नीलाम होने वाले वाहनों को अब ऑनलाइन बोली लगवाएगा पुलिस विभाग

चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने घोषणा की है कि सभी जिलों में पुलिस विभाग के नीलाम किए जाने वाले वाहनों की अब ऑनलाइन बोली की जाएगी। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने गांव से शहरों की ओर पलायन रोकने के लिए शहरों जैसी सुविधाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन सुविधाएं इत्यादि गांवों में प्रदान करने भी घोषणा की। आगामी समय में बड़े गांवों में कॉलोनियां विकसित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री रविवार को भिवानी जिले के गांव खरक कलां में जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। जन संवाद कार्यक्रम के दौरान गांव के एक व्यक्ति ने पुलिस विभाग द्वारा नीलाम किए जाने वाले वाहनों की नीलामी ऑनलाइन करने के लिए मुख्यमंत्री को निवेदन किया। इस पर मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के नीलाम किए जाने वाले वाहनों की ऑनलाइन बोली लगवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से सभी जिलों में पुलिस को आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर खेतों के रास्ते और गांव में कम्युनिटी सेंटर बनाने की मांग को मंजूर देने का भी ऐलान किया है। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के तालाब का नवीनीकरण कार्य अगस्त माह तक पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक खरक कलां गांव के लिए 60 लाख रुपये दिए गए और इस वित्त वर्ष के लिए 2.30 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इसके अलावा, विभिन्न प्रकार की ग्रांट के तहत भी 70 करोड़ रुपये की ग्रांट दी।

कार्यक्रम के दौरान किसान अजीत ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी बीमारी के इलाज की जानकारी देते हुए बताया कि वे बहुत गरीब हैं और जीवनयापन मुश्किल से हो रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत अपने निजी कोष से उन्हें 50 हज़ार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा, जिला उपायुक्त को निर्देश दिए कि उनकी पेंशन और पीला कार्ड भी बनवाया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास शिकायत आती थी कि पात्र लोगों के राशन कार्ड नहीं बने हैं और अपात्र लोग कई प्रकार के लाभ लेते हैं। जिसके लिए सरकार ने परिवार पहचान पत्र के माध्यम से ऑटोमेटिक राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की, जिसके तहत लगभग 12 लाख नए राशन कार्ड बने हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button