लखनऊ

कमजोर वर्गों के प्रति भाजपा का रवैया संवेदनहीन : अखिलेश यादव

लखनऊ  । समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हर वर्ग का विरोधी करार देते हुए कहा कि उसका चरित्र अमानवीय है, समाज के कामगार, कमजोर वर्ग और अल्पसंख्यकों के प्रति उसका रवैया संवेदनहीन है। समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में श्रमिक संगठनों, समाज सेवियों, वित्तविहीन माध्यमिक शिक्षकों, घुमंतू तथा लघु एवं मध्यम उद्यमों के श्रमिक प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष ने दावा किया, ‘‘आज भाजपा अपने कुप्रचार से लोगों को भ्रमित करने को अपनी उपलब्धि मानती है। भाजपा की नीतियों के खिलाफ सपा संघर्ष कर रही है और वह समाजवाद, लोकतंत्र और पंथनिरपेक्षता के लिए प्रतिबद्ध है।’’

सपा मुख्यालय द्वारा रविवार को जारी बयान के अनुसार, यादव ने कहा, ‘‘किसान-मजदूर का हित किए बिना कोई विकास नहीं हो सकता है। आज महंगाई की मार सबसे ज्यादा श्रमिकों और समाज के कमजोर वर्ग पर पड़ रही है। भाजपा की प्राथमिकता में पूंजीपतियों का हित साधना है।’’ उन्होंने कहा कि श्रमिकों के लिए अहितकारी कानून बनाए जा रहे हैं लेकिन उनके हक और सम्मान का संघर्ष जारी रखना आवश्यक है। सपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘सत्ताधारी दल द्वारा प्रलोभन एवं सत्ता का बढ़ता दुरूपयोग लोकतंत्र के लिए बड़ी चुनौती है। भाजपा के षडयंत्र अब उजागर होते जा रहे हैं। इससे उम्मीद बंधी है कि 2024 में देश में लोकतंत्र की बहाली होगी।’’

उन्होंने विधानसभा चुनाव में सपा का साथ देने के लिए श्रमिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी श्रमिकों के साथ है और उसने अपनी सरकार में मजदूरों के पक्ष में कई निर्णय लिए थे और योजनाएं लागू की थीं।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button