उत्तराखंडनई टिहरी

रंजना राजगुरु ने टिहरी में आयुष और होम्योपैथी चिकित्सालयों का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: राजस्व परिषद आयुक्त एवं सचिव तथा सचिव, आयुष एवं आयुष शिक्षा, उत्तराखण्ड शासन रंजना राजगुरु ने जनपद टिहरी के विभिन्न आयुष एवं होम्योपैथी चिकित्सालयों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, उपचार व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान रंजना राजगुरु ने आयुष विभाग के चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की कार्यशैली की सराहना की और उन्हें ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि आयुष चिकित्सा पद्धति से होने वाले सफल उपचारों और मरीजों के सकारात्मक अनुभवों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

जिला चिकित्सालय बौराड़ी में योग एवं पंचकर्म केंद्र का निरीक्षण

मुख्यालय बौराड़ी स्थित जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित आयुष चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान सचिव ने योग कक्ष और पंचकर्म चिकित्सा कक्ष का अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों से संवाद कर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। मरीजों ने सेवाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए इनके विस्तार की मांग की, ताकि उपचार के लिए देहरादून न जाना पड़े।

वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धि मिश्रा ने पंचकर्म चिकित्सा के अंतर्गत संचालित विभिन्न उपचार पद्धतियों जैसे जलौका चिकित्सा, कटि वस्ति, जानु वस्ति, शिरोधारा, मर्म चिकित्सा, क्षारसूत्र चिकित्सा, सर्वांग स्वेदन, नाड़ी स्वेद, धारा चिकित्सा एवं आश्योतन चिकित्सा की जानकारी दी। आवश्यक उपकरणों और संसाधनों की मांग पर रंजना राजगुरु ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, डॉ. कर्णपाल सिंह, डॉ. विनोद रावत, डॉ. सत्यवीर रावत, पंचकर्म सहायक विकास प्रसाद एवं रजनी सेमवाल उपस्थित रहे।

चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का भी किया निरीक्षण

इसके बाद सचिव ने चंबा स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण कर औषधियों की उपलब्धता, स्टॉक बुक तथा पंचकर्म चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विषा भूषण, डॉ. संदीप कटियार, डॉ. प्रेषिका उनियाल तथा फार्मासिस्ट अरविंद सेमवाल मौजूद रहे।

होम्योपैथिक डिस्पेंसरी और स्किन सेंटर का लिया जायजा

जिला चिकित्सालय बौराड़ी स्थित आयुष विंग में संचालित स्टेट होम्योपैथिक डिस्पेंसरी के निरीक्षण के दौरान रंजना राजगुरु ने स्किन सेंटर का अवलोकन किया, जहां त्वचा रोगों का उपचार किया जाता है।

इसके बाद उन्होंने चंबा ब्लॉक रोड स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित होम्योपैथिक डिस्पेंसरी का निरीक्षण कर औषधि वितरण कक्ष की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर डॉ. बेला शाह ने चिकित्सालय की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी।

निरीक्षण के दौरान डॉ. शैलेन्द्र प्रसाद, डॉ. नेहा सकलानी, फार्मासिस्ट बबीता गुसाईं एवं प्रमोद कुमार भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button