ढकरानी क्रेशर यूनियन के नए प्रधान बने संदीप राणा, सर्वसम्मति से निर्विरोध हुआ चयन

जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- ढकरानी क्रेशर जोन में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सभी क्रेशर स्वामियों की सर्वसम्मति से संदीप राणा को क्रेशर यूनियन का नया प्रधान निर्विरोध चुना गया। उनके चयन पर उपस्थित सदस्यों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर संगठन की एकजुटता और नए नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया।
नए प्रधान के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां होंगी। खनन कारोबार से जुड़े नियमों का पालन, प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय, परिवहन संबंधी समस्याओं का समाधान, पर्यावरणीय मानकों का अनुपालन तथा क्रेशर स्वामियों के हितों की प्रभावी पैरवी जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेंगे।
बैठक में मौजूद क्रेशर स्वामियों ने उम्मीद जताई कि नया नेतृत्व केवल औपचारिक जिम्मेदारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि संगठन की हर छोटी-बड़ी समस्या को मजबूती से उठाते हुए उनके समाधान के लिए प्रशासन के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करेगा। सभी की निगाहें अब इस बात पर हैं कि नया नेतृत्व यूनियन को किस तरह नई दिशा और मजबूती प्रदान करता है।
नवनिर्वाचित प्रधान संदीप राणा ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्रेशर स्वामियों के हित सर्वोपरि रहेंगे और संगठन से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में पूर्व प्रधान जीतू ढींगरा, अनु तोमर, अनूप नैन, संजय काधियान, अनिल लखड़वाल, मन्नू चौहान, चरण सिंह, सुरेंद्र लंबरदार, सोनू प्रधान, सुनील पंवार, रायपाल सिंह बिष्ट सहित क्षेत्र के अनेक क्रेशर स्वामी मौजूद रहे।






