जौनपुर के आलमगंज गांव में दबंगों का तांडव, एक परिवार पर जानलेवा हमला
आलमगंज गांव में दबंगों ने घर पर किया हमला, लाठी-डंडा और फरसा से पीटा, पति-पत्नी व दो बच्चे गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर थाना बरसठी क्षेत्र के आलमगंज गांव में दबंगों की दबंगई से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित संजय शर्मा ने आरोप लगाया है कि गांव के ही जटाशंकर यादव, शिवशंकर यादव, मनोज यादव सहित 10–12 लोगों ने एक राय होकर उनके घर पर हमला किया। पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने पहले घर के दरवाजे पर नदचन्नी रखकर गोबर फेंका, फिर जानवर लाकर जबरन दरवाजे पर बांध दिए। जब परिवार ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने लाठी-डंडा और फरसा से जानलेवा हमला कर दिया।
इस हमले में संजय शर्मा, उनकी पत्नी, बेटी और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज कराया गया है। घटना की सूचना थाना बरसठी पुलिस को दे दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक आरोपी हाथ में फावड़ा लेकर संजय शर्मा के सिर पर वार करता है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ता है। घटना से गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाए..






