उत्तराखंडहरिद्वार

शांतिकुंज की टोली ने अमेरिका में कराया गायत्री महायज्ञ, पेंसिल्वेनिया और न्यूयॉर्क में शताब्दी यज्ञ श्रृंखला का आयोजन

जन एक्सप्रेस/ हरिद्वार: अखिल विश्व गायत्री परिवार के मुख्यालय शांतिकुंज द्वारा माता भगवती देवी शर्मा एवं अखण्ड दीप शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देश-विदेश में आयोजित किए जा रहे गायत्री महायज्ञों की श्रृंखला के तहत शांतिकुंज की प्रशिक्षित टोली ने अमेरिका के विभिन्न शहरों में वैदिक यज्ञ और संस्कार कार्यक्रमों का सफल संचालन किया।

शांतिकुंज से मिली जानकारी के अनुसार, अखिल विश्व गायत्री परिवार के प्रमुखद्वय श्रद्धेया शैलदीदी और श्रद्धेय डॉ. प्रणव पण्ड्या के मार्गदर्शन में अमेरिका पहुंची टोली ने पेंसिल्वेनिया और न्यूयॉर्क के लॉन्ग आइलैंड में भव्य गायत्री महायज्ञ आयोजित किए। इन आयोजनों में स्थानीय नागरिकों के साथ बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

महायज्ञ के दौरान पूरा आयोजन स्थल गायत्री महामंत्र और महामृत्युंजय मंत्र के वैदिक उच्चारण से गुंजायमान रहा। गायत्री परिवार की ओर से पर्यावरण संरक्षण, मानसिक शांति, व्यसन मुक्ति और “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश उपस्थित लोगों तक पहुंचाया गया।

कार्यक्रम के दौरान अनेक श्रद्धालुओं ने वैदिक परंपरा के अनुसार नामकरण, यज्ञोपवीत सहित विभिन्न धार्मिक संस्कार भी संपन्न कराए। शांतिकुंज की टोली ने परम वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा एवं युगऋषि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के जीवन, विचारों और उनके विचार क्रांति अभियान पर प्रकाश डालते हुए समाज निर्माण में उनकी शिक्षाओं को अपनाने का आह्वान किया।

महायज्ञ के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने लोककल्याण, विश्व शांति और मानवता के उत्थान के लिए सामूहिक संकल्प लिया। शांतिकुंज की ओर से बताया गया कि शताब्दी वर्ष के अंतर्गत देश और विदेश के विभिन्न स्थानों पर ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button