
जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में जनपद भर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मतदाता जागरूकता बढ़ाने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज रानागीठ और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झाला में अभिनव जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं ने अपने उन अभिभावकों और परिजनों के नाम पत्र लिखे, जो रोजगार, शिक्षा अथवा अन्य कारणों से अपने मूल मतदान केंद्र से दूर रह रहे हैं। विद्यार्थियों ने पत्रों के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम बनाए रखने के महत्व को विस्तार से समझाया।
जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए छात्र-छात्राओं ने अपने पत्रों को पढ़कर वीडियो भी तैयार किए। इन वीडियो संदेशों को व्हाट्सएप के माध्यम से संबंधित अभिभावकों और परिजनों तक पहुंचाया गया, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को कार्यक्रम की जानकारी मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य एसपाल भंडारी ने छात्र-छात्राओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के अधिकार और मतदाता जागरूकता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना अत्यंत आवश्यक है तथा प्रत्येक नागरिक का इसमें सक्रिय सहयोग जरूरी है।
इस अवसर पर सभी छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता शपथ भी दिलाई गई और उन्हें अपने परिवार तथा समाज में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।





