
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के भाऊवाला में रविवार को भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता एवं ‘ट्री वूमेन’ के नाम से प्रसिद्ध लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल के नेतृत्व में सैकड़ों महिलाओं ने “पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ” अभियान के तहत महा संकल्प लिया। महिलाओं ने हरेला लोक पर्व के संदेश को घर-घर पहुंचाने, फलदार एवं छायादार पौधे लगाने और वृक्षों के संरक्षण का संकल्प लिया।
लक्ष्मी कपरूवाण अग्रवाल ने कहा कि उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रदेश को हरित राज्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता का अभियान है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हरेला पर्व के दौरान देहरादून में एक लाख से अधिक पौधों का वितरण एवं रोपण किया गया था, जो आज कई स्थानों पर हरे-भरे वृक्षों का रूप ले चुके हैं। अब इसी अभियान को मातृशक्ति के सहयोग से सहसपुर और देहरादून के ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगले एक माह तक घर-घर जाकर अधिक से अधिक पौधे वितरित किए जाएंगे तथा लोगों को पेड़ों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान के तहत महिलाएं गांव-गांव जाकर हरेला पर्व का महत्व बताएंगी और वृक्षारोपण को जन आंदोलन का स्वरूप देंगी।
इस अभियान में सीता भट्ट, बाला देवी, ममता राणा, एकता नौटियाल, मालती भट्ट, ऋषिका शर्मा, कुसुम रतूड़ी, नेहा पुंडीर, गीता चौहान और गणेशी रावत सहित सैकड़ों महिलाएं सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे हरित उत्तराखंड और समृद्ध उत्तराखंड के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आने वाले दिनों में हजारों पौधों का रोपण और संरक्षण सुनिश्चित करेंगी।






