गंगोत्री धाम में शुरू हुई भागवत कथा, भव्य कलश यात्रा से गूंजा पूरा क्षेत्र

जन एक्सप्रेस/उत्तरकाशी: मां गंगा के पावन धाम गंगोत्री में बुधवार से श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हो गया। मौनी बाबा आश्रम में आयोजित यह धार्मिक आयोजन आगामी 3 जून तक चलेगा। कथा का आयोजन स्वर्गीय त्रिलोक सिंह ठगुराठी, स्वर्गीय हेमन्द्र सिंह तथा परिवार के पितरों की स्मृति में किया जा रहा है, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
कथा शुभारंभ से पूर्व सुबह गढ़वाली बैंड की धुनों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश रखकर ‘हर-हर गंगे’ के जयकारों के साथ पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। गंगोत्री धाम में आध्यात्मिक उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत वातावरण देखने को मिला।
कथा वाचक सुरेश शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य के मन को शुद्ध करती है और उसे सत्य, भक्ति तथा सद्कर्मों की ओर प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि कथा सुनने से व्यक्ति के जीवन में शांति, सकारात्मकता और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
ठगुराठी परिवार द्वारा कथा आयोजन की सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। कमलेश ठगुराठी, राजेन्द्र ठगुराठी, सरस्वती देवी, ललित, ज्योति और महेन्द्र सिंह ठगुराठी सहित परिवार के सदस्य श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हुए हैं।
आयोजकों ने बताया कि जो श्रद्धालु गंगोत्री धाम नहीं पहुंच सकते, वे नागराज टीवी के माध्यम से घर बैठे कथा का सीधा प्रसारण देख और सुन सकते हैं।
आश्रम परिसर में दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। श्रद्धालुओं के रहने और भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण कर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजकों ने कहा कि पितरों की स्मृति में कथा और सेवा जैसे आयोजन भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में सेवा, संस्कार और श्रद्धा का संदेश देते हैं।






