
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में विकासखंड मूनाकोट अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) झूलाघाट में आयोजित तीन दिवसीय स्वास्थ्य पखवाड़े का शुभारंभ हुआ। शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में 450 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श, उपचार तथा निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य शिविर के दौरान उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) की जांच के साथ-साथ 22 महिलाओं की स्तन एवं सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, 55 लोगों की टीबी जांच तथा 19 लोगों की हीमोग्लोबिन जांच की गई। इसके अतिरिक्त एक निक्षय मित्र भी बनाया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल ने बताया कि स्वास्थ्य पखवाड़े का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचाना तथा गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर उनका प्रभावी उपचार सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने आम जनता से भविष्य में आयोजित होने वाले स्वास्थ्य शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।






