पर्यटन मंत्री महाराज ने पर्वतारोहण अभियान दल को फ्लैग ऑफ कर किया रवाना

देहरादून । पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को बन्दरपूंछ-6316 मीटर भागीरथी द्वितीय-6512 मीटर पर्वतारोहण अभियान दल को फ्लैग ऑफ कर रवाना किया।
उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, गढ़ीकैन्ट के परिसर भारतीय पर्वतारोहण संघ, नई दिल्ली व उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम आयोजित किया है।
इस मौके पर मंत्री महाराज ने बंदरपूंछ और भागीरथी पर्वतों पर पर्वतारोहण दलों के सदस्यों के दलों के कैप्टन को फ्लैग देते हुए अभियान पूरा करने की शुभकामनाएं दी। दोनों दलों में 12-12 सदस्य है और दल आज देहरादून से उत्तरकाशी तक जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य राज्य में साहसिक खेलों को बढावा देना है। इस प्रकार के आयोजनों से साहसिक पर्यटन को बढावा मिलेगा और स्थानीय निवासियों को स्वरोजगार के अवसर भी प्रदान होंगे।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि गांसे (गौरी) और औली को विशेष रूप से विकसित किया जा रहा है ताकि यह पर्यटन स्थल सम्पूर्ण एशिया को अपनी ओर आकर्षिक करें। राज्य में साहसिक पर्यटन के लिए पर्याप्त स्थान है। इनको विकसित करते हुए साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की योजना पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नालंग-जादुुंग क्षेत्र को सरकार की ओर से पर्यटन के लिए खोला जा रहा है। क्लाईमेंटाइजेशन को ध्यान में रखकर यात्रा करवाई जाए इसके लिए यात्रा को रेगुलेट करना जरूरी है।