उत्तराखंडचमोली

चमोली में विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षारोपण और जनजागरूकता अभियान

जन एक्सप्रेस / चमोली:  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग की धनपुर वन रेंज गौचर और पश्चिमी पिंडर रेंज नारायणबगड़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान वृक्षारोपण, पौध वितरण और जनजागरूकता अभियान चलाए गए।

कांसुवा गांव में हुआ मुख्य कार्यक्रम

धनपुर वन रेंज गौचर की ओर से श्री नंदा देवी राजजात यात्रा के प्रमुख पड़ाव ग्राम कांसुवा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यावरणविद नरेंद्र सिंह रावत और नंदा देवी मंदिर समिति के अध्यक्ष जयविक्रम सिंह कुंवर ने किया।

जयविक्रम सिंह कुंवर ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

पौधारोपण को सामाजिक परंपरा से जोड़ने की पहल

पर्यावरणविद नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रकृति के बिना मानव जीवन संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से नवविवाहित जोड़ों को पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक परंपरा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” पर भी लोगों को जागरूक किया।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान का आह्वान

वन क्षेत्राधिकारी नवल किशोर नेगी ने ग्रामीणों से जंगलों की सुरक्षा में सहयोग करने और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि जंगल सुरक्षित रहेंगे तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा।

महिलाओं को चिपको आंदोलन से प्रेरणा

महिला मंगल दल की अध्यक्षा पल्लवी रावत ने गौरा देवी और चिपको आंदोलन का उल्लेख करते हुए महिलाओं से जंगलों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

ग्राम प्रधान मुन्ना लाल ने कहा कि वनाग्नि से जंगलों को बचाना और लगाए गए पौधों की देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है।

जैव विविधता से समृद्ध है कांसुवा क्षेत्र

वन दरोगा शाह ने बताया कि कांसुवा क्षेत्र के जंगल जैव विविधता से भरपूर हैं, जहां काफल, बुरांश और बांज जैसी महत्वपूर्ण प्रजातियां पाई जाती हैं। कार्यक्रम के अंत में वन बीट अधिकारी आदिबद्री नेगी द्वारा ग्रामीणों को फलदार पौध वितरित किए गए।

नारायणबगड़ में भी चला व्यापक अभियान

वहीं पश्चिमी पिंडर रेंज नारायणबगड़ में भी वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। ग्राम बेडुला और कंडवाल के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र सिंह कुंवर, समाजसेवी तपेश मिश्रा, महिला समूहों की सदस्याएं और स्कूली छात्र-छात्राएं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button