वृक्षारोपण महायज्ञ : सीएचसी, थाना व ब्लाक परिसर समेत चारों ओर हुआ वृक्षारोपण

जन एक्सप्रेस /प्रतापगढ़: जिले के नगर पंचायत कोहड़ौर अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में सीएचसी अधीक्षक देवेन्द्र सिंह ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि किशन सोनी, रत्नेश पाण्डेय सहित अपने स्टाफ के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के वृक्षारोपण महायज्ञ- 2026 के तहत वृक्षारोपण किया। इस दौरान थाना परिसर, ब्लाक परिसर व सीएचसी परिसर के साथ ही गांवों में भी काफी संख्या में वृक्षारोपण किया गया। डॉ. देवेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रत्येक व्यक्तियों को हर वर्ष वृक्षारोपण करना चाहिए। इन्ही वृक्षों से हम सभी को आक्सीजन मिलता है और पर्यावरण में संतुलन बना रहता है। वहीं पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में थाना कोहड़ौर पुलिस द्वारा थाना परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस दौरान थाना प्रभारी धनञ्जय राय के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाना परिसर में वृक्षारोपण करने के साथ ही पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। थाना प्रभारी के साथ ही सभी पुलिसकर्मियों ने पेड़ लगाकर वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता की और साथ ही हर वर्ष वृक्षारोपण करने का संकल्प लिया। वहीं विकास खण्ड मंगरौरा के खंड विकास अधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने अपने स्टाफ के साथ ब्लाक परिसर व ग्राम पंचायतों में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाते हुए काफी संख्या में पेड़ लगाया। उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य एक लाख पेड़ लगाने का था और जिसमें से लगभग साठ प्रतिशत वृक्षारोपण किया जा चुका है जल्द ही सौ प्रतिशत वृक्षारोपण का कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा।






