UP POLICEउत्तर प्रदेशटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगहरदोई

गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत, चार घंटे बाद नदी से बरामद हुए शव

गंगा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत

जन एक्सप्रेस हरदोई

हरदोई। जिले के अरवल थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। निकामदपुर गांव के पास बह रही गंगा नदी में नहाते समय दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से करीब चार घंटे तक सर्च अभियान चलाया, जिसके बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बरामद किए गए।

जानकारी के अनुसार अरवल थाना क्षेत्र के निकामदपुर गांव निवासी रामशंकर का 9 वर्षीय पुत्र ध्रुव अपने साथी किशन (10 वर्ष) पुत्र बृजपाल के साथ गांव से करीब 500 मीटर दूर गंगा नदी किनारे भैंस चराने गया था। इसी दौरान दोनों बच्चे नदी में नहाने लगे और अचानक गहरे पानी में चले गए, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बच्चों की तलाश शुरू की गई। काफी देर तक तलाश के बावजूद सफलता न मिलने पर गोताखोरों को बुलाया गया। करीब चार घंटे तक चले सर्च अभियान के बाद दोनों बच्चों के शव नदी से बाहर निकाले गए।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

बताया जा रहा है कि मृतक किशन प्राथमिक विद्यालय जीवनपुरवा में कक्षा पांच का छात्र था, जबकि ध्रुव कक्षा चार में पढ़ता था। एक साथ दो बच्चों की मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button