सावान मास के पहले सोमवार को दत्तेहरेश्वर महादेव धाम में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

जन एक्सप्रेस /अमेठी : विकासखंड सिंहपुर के ग्राम पंचायत रामपुर पांवरा में स्थित पांडवकालीन बाबा दत्तेहरेश्वर महादेव धाम में श्रावण मास के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज के गांवों से आए सैकड़ों शिवभक्तों ने भोलेनाथ के प्राचीन शिवलिंग का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना कर जीवन में सुख, शांति व समृद्धि की कामना की।भक्त तड़के सुबह से ही मंदिर पहुंचने लगे थे। पूरा मंदिर परिसर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के नारों से गूंज उठा। भक्तों ने कतारबद्ध होकर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प चढ़ाकर भगवान शिव का अभिषेक किया। महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सहित हर आयु वर्ग के लोगों ने भागीदारी की।स्थानीय मान्यता है कि यह मंदिर महाभारत काल का है। कहा जाता है कि वनवास के समय पांडव यहां आए थे और द्रौपदी ने इसी स्थल पर भगवान शंकर की उपासना की थी। तभी से यह स्थान आस्था और श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।श्रावण मास के पहले सोमवार को यहां विशेष उत्सव जैसा माहौल रहा। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए मंदिर समिति और ग्रामवासियों ने मिलकर व्यवस्था संभाली। पीने के पानी, दर्शन की कतार, साफ-सफाई और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई थी।इस धार्मिक अवसर पर बबन सिंह, रणविजय सिंह, रमेश अग्निहोत्री, श्याम लाल तिवारी ,प्रभाकर पाल, राहुल गुप्ता, आनंद तिवारी, अशोक सोनी और सुरेश सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे और सभी ने बाबा के चरणों में शीश नवाकर मन्नतें मांगी।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पौराणिक स्थल को विकसित किया जाए, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को और बेहतर सुविधाएं मिल सकें और यह स्थान धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर उभर सके।






