
जन एक्सप्रेस उत्तरकाशी।चिन्यालीसौड़ ब्लॉक की भंडारस्यू पट्टी अंतर्गत ग्राम पंचायत नवागांव (गंवानाग) में शनिवार 13 दिसंबर को ग्राम पंचायत की प्रथम खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।बैठक में गांव और समाज के हित तथा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से ऐतिहासिक निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में शादी-विवाह, जन्मदिन, मुंडन सहित किसी भी व्यक्तिगत या सार्वजनिक कार्यक्रम में शराब का पूर्णतः निषेध रहेगा। किसी भी आयोजन में मेहमानों या ग्रामीणों को शराब परोसने की अनुमति नहीं होगी।निर्णय का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान किया गया है। नियम तोड़ने वाले आयोजन पक्ष के खिलाफ ग्राम पंचायत द्वारा संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी तथा उनके घर लाई गई शराब जब्त करवाई जाएगी, जिसकी जिम्मेदारी आयोजनकर्ता की होगी। साथ ही संबंधित परिवार से अर्थदंड के रूप में ₹50 हजार का जुर्माना वसूला जाएगा, जिसे ग्राम पंचायत के खाते में जमा किया जाएगा।बैठक में यह भी तय किया गया कि चुनाव के दौरान यदि किसी राजनीतिक दल, उसके प्रतिनिधि या कार्यकर्ता द्वारा गांव में शराब बांटकर प्रचार किया गया तो उसका सार्वजनिक बहिष्कार किया जाएगा। साथ ही इस तरह की गतिविधि की शिकायत तत्काल चुनाव आयोग को की जाएगी।शराब निषेध की प्रभावी निगरानी और जनजागरूकता के लिए एक विशेष निगरानी समिति का गठन भी किया गया। इस समिति में ग्राम प्रधान एवं सभी वार्ड सदस्य, महिला मंगल दल नवागांव के सभी सदस्य, मां रेणुका देवी मंदिर समिति के सदस्य तथा शूरवीर चंद्र रमोला, सरोज रमोला, दिगपाल चंद्र रमौला, कुलदीप चंद्र रमोला, गणेश चंद्र रमौला, मनदीप चंद्र रमोला, परशुराम खंडूरी, ममराज सिंह सजवान और अतुल चंद्र रमोला को शामिल किया गया है।समिति के सभी सदस्यों को यह अधिकार दिया गया है कि शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर वे तुरंत ग्राम पंचायत और संबंधित थाने को सूचित करेंगे। ग्रामीणों, ग्राम पंचायत सदस्यों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधान ने इस निर्णय को सख्ती से लागू कराने में पूर्ण सहयोग का संकल्प लिया।ग्रामीणों ने इस फैसले को सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इससे गांव में शांति, स्वास्थ्य और संस्कारों को मजबूती मिलेगी।






