उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में गंगा का जलस्तर बढ़ा, राजघाट पर चेतावनी बिंदु से 26 सेंटीमीटर ऊपर पहुंचा पानी

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई: गंगा नदी में जलप्रवाह बढ़ने के साथ ही हरदोई जिले के तटवर्ती इलाकों में प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। सोमवार, 10 अगस्त की सुबह आठ बजे जारी जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार राजघाट हरदोई में गंगा का जलस्तर 125.570 मीटर दर्ज किया गया। यह निर्धारित चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर से 26 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि, जलस्तर अभी खतरे के निशान 125.810 मीटर से 24 सेंटीमीटर नीचे है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों और प्रमुख घाटों पर निगरानी बढ़ाई गई है। प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीमें जलस्तर में होने वाले बदलाव पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

हरिद्वार और नरौरा से बढ़ा पानी का प्रवाह

बाढ़ नियंत्रण एवं सिंचाई विभाग की दैनिक रिपोर्ट के मुताबिक, 10 अगस्त की सुबह हरिद्वार से गंगा नदी में 97,340 क्यूसेक और नरौरा से 1,53,173 क्यूसेक पानी छोड़े जाने का उल्लेख है। पानी के बढ़ते प्रवाह का असर गंगा के विभिन्न गेज स्थलों पर भी दिखाई दे रहा है।

राजघाट हरदोई में गंगा का अधिकतम जलस्तर 126.490 मीटर, खतरे का निशान 125.810 मीटर और चेतावनी बिंदु 125.310 मीटर निर्धारित है। वर्तमान जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार कर चुका है, जिसके चलते तटवर्ती क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जा रही है।

कन्नौज और फर्रुखाबाद में भी बढ़ा जलस्तर

रिपोर्ट के अनुसार मेहंदीघाट कन्नौज में गंगा का जलस्तर 124.790 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी बिंदु 124.470 मीटर और खतरे का निशान 125.970 मीटर है।

वहीं पांचाल घाट फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर करीब 136.95 मीटर दर्ज किया गया। यहां चेतावनी बिंदु 136.600 मीटर और खतरे का निशान 137.100 मीटर निर्धारित है।

रामगंगा नदी के डबरीघाट पर जलस्तर 134.350 मीटर दर्ज किया गया। इसके अलावा गर्रा नदी के केंद्रीय जल आयोग की साण्डी साइट पर जलस्तर 127.620 मीटर दर्ज किया गया है।

24 घंटे में 10 मिलीमीटर बारिश

रिपोर्ट के मुताबिक हरदोई जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान 10 मिलीमीटर बारिश भी दर्ज की गई है। बारिश और नदियों में बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए प्रशासन की ओर से संभावित स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

तटवर्ती गांवों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि गंगा घाटों पर केवल सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें और नदी के गहरे हिस्सों में जाने से बचें।

बाढ़ राहत चौकियां सक्रिय, राजस्व टीम अलर्ट

सवायजपुर के नायब तहसीलदार राजेश पटेल ने बताया कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटवर्ती क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है। कुसुमखोर सहित प्रमुख घाटों पर राजस्व टीम के साथ स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सवायजपुर तहसील की सभी बाढ़ राहत चौकियों को सक्रिय कर दिया गया है और ड्यूटी पर तैनात राजस्व कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें गहरे पानी में न जाने और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button