सरकार की वोल्वो बस में मुफ्त यात्रा की भी मिलेगी सुविधा

चंडीगढ़ । हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पद्म श्री, पद्म भूषण व पद्म विभूषण अवार्ड प्राप्त करने वाले हरियाणा वासियों को प्रदेश सरकार की तरफ से 10 हजार रुपये मासिक पेंशन दी जाएगी। इसके अतिरिक्त इन अवार्ड धारियों को हरियाणा सरकार की वोल्वो बस में मुफ्त यात्रा करने की सुविधा भी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने यह घोषणा सोमवार को अपने करनाल दौरे के दौरान की।
मुख्यमंत्री ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि करनाल की ज्यादातर कॉलोनी शामलात भूमि पर बनी हुई है। करनाल की इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाएगा। इस संबंध में जल्द ही अधिकारियों की बैठक लेंगे और करनाल वासियों को मालिकाना हक दिलवाया जाएगा। इससे करनाल की जनता को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि करनाल के दो दिन के जनसंवाद में लोगों ने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखी। बहुत सी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। हरियाणा सरकार ने प्रॉपर्टी आईडी को लेकर दो दिन के कैंप लगाए थे। इन कैंप में 1988 शिकायतें आई थीं। इनमें से 50 प्रतिशत शिकायतों का हल मौके पर कर दिया गया है। बाकी शिकायतों के लिए 5 दिन का समय मांगा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि सरकारी अधिकारी व कर्मचारी को जन सेवा की भावना से कार्य करना चाहिए। उन्हें करनाल के पुलिस कर्मचारियों के व्यवहार की शिकायत मिली थी। इस पर कार्रवाई करते हुए करनाल थाना सदर के एसएचओ मनोज को सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं।






