जिलाधिकारी ने गोआश्रय स्थलों की लाइव मॉनिटरिंग
गोवंश के देखभाल में शिथिलता बर्दाश्त नहीं: जिलाधिकारी,बीडीओ/ईओ गौशालाओं में शीर्ष प्राथमिकताओं पर सुनिश्चित करें सभी इंतजाम

जन एक्सप्रेस/महराजगंज: महराजगंज जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद के विभिन्न गोआश्रय स्थलों की लाइव मॉनिटरिंग की और मौके पर मौजूद नोडल अधिकारियों से ऑनलाइन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का बिंदुवार जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नोडल अधिकारियों से गोवंश की संख्या, पशुओं के रोग से बचाव हेतु चिकित्सा व्यवस्था, हरे चारे एवं साइलेज की उपलब्धता, चोकर-भूसा, केयर टेकर की संख्या व उपस्थिति सहित सभी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारी ग्राम प्रधान और अन्य जिम्मेदार पक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी सुविधाओं को सुनिश्चित कराएं।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने सभी पंजीकाओं की उपलब्धता और उसमें आवश्यक विवरण दर्ज कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि गोवंश की देखभाल में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिया कि पशुओं की उम्र और उनके आश्रय स्थल में आगमन की अवस्था का पूरा विवरण दर्ज किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित बीडीओ और ईओ को एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने और अपने पर्यवेक्षण में इंतजाम सुनिश्चित कराने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन गोवंश के संरक्षण और संवर्द्धन के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस दौरान सभी नोडल अधिकारियों को उनके आवंटित गोआश्रय स्थलों पर भेजा गया और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी ने गौशालाओं का हाल देखा। जिलाधिकारी ने कहा कि आकस्मिक रूप से आगे भी इसी प्रकार गोआश्रय स्थलों एवं निर्माण परियोजनाओं का निरीक्षण और पर्यवेक्षण किया जाएगा।






