जन एक्सप्रेस की खबर का असर, गंगा घाटों और बाढ़ राहत चौकियों का प्रशासन ने किया निरीक्षण

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- हरिद्वार और नरौरा बांधों से लगातार छोड़े जा रहे पानी के चलते सवायजपुर तहसील क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। गंगा के बढ़ते जलस्तर और तहसील क्षेत्र में स्थापित 14 बाढ़ राहत चौकियों की व्यवस्थाओं को लेकर जन एक्सप्रेस में शनिवार को प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। रविवार सुबह एडीएम दीपाली भार्गव ने राजस्व टीम के साथ गंगा घाटों और बाढ़ राहत चौकियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
एडीएम दीपाली भार्गव ने कुसुमखोर और चियासर गंगा घाट पहुंचकर बढ़ते जलस्तर की स्थिति देखी। उन्होंने तहसीलदार विनोद कुमार और राजस्व टीम को गंगा घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग कराने तथा श्रद्धालुओं को गहरे पानी में स्नान करने से रोकने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने सवायजपुर तहसील क्षेत्र में स्थापित 14 बाढ़ राहत चौकियों का भी जायजा लिया। उन्होंने सभी चौकियों को सक्रिय रखने और वहां तैनात प्रभारी व कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश तहसील प्रशासन को दिए, ताकि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर प्रभावित लोगों को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
एडीएम ने गंगा घाटों पर प्रकाश व्यवस्था को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय घाटों पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की जाए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने लोगों से अपील की कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केवल सुरक्षित और चिन्हित स्थानों पर ही गंगा स्नान करें तथा गहरे पानी की ओर न जाएं।
प्रशासन की इस सक्रियता से गंगा घाटों पर सुरक्षा इंतजामों को मजबूती मिलने के साथ बाढ़ राहत चौकियों के भी सक्रिय रहने की उम्मीद बढ़ी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं तत्काल सक्रिय की जाएंगी।निरीक्षण के दौरान एसडीएम शिवानी सिंह, तहसीलदार विनोद कुमार, नायब तहसीलदार राजेश पटेल सहित राजस्व टीम मौजूद रही।






