
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- अखंड भारत संकल्प दिवस के पावन अवसर पर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने दक्षिणी दिल्ली के अमर कॉलोनी मार्केट से राधा-कृष्ण मंदिर तक 2.5 किलोमीटर की रन फॉर वंदे मातरम् यात्रा निकालकर पूरे राष्ट्र में अखंड भारत की सांस्कृतिक चेतना को जागृत करने का ऐतिहासिक कार्य किया। इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, सामाजिक-धार्मिक कार्यकर्ताओं और राष्ट्रभक्तों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ सहभागिता कर यह सिद्ध कर दिया कि सनातन संस्कृति की आत्मा आज भी अखंड है और कोई भी षड्यंत्र इसे खंडित नहीं कर सकता।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रांत संगठन मंत्री सुबोध चंद्र ने विभाजन विभीषिका के उस गहरे दर्द को याद दिलाया जिसने सनातन समाज को बांटा था और कहा कि अखंड भारत के महत्व को समझकर सनातन धर्म की एकता के लिए एकजुट रहना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। जिला अध्यक्ष करण कपूर ने बहुत ही समझदारी और जिम्मेदारी के साथ कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं है बल्कि यह मातृभूमि के प्रति सम्मान, राष्ट्रभाव और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत प्रतीक है, जो हिंदू हिंदुत्व की पहचान को अक्षुण्ण रखता है।
विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने विभाजन से पीड़ित परिवारों और विस्थापितों की व्यथा गाथा को न सिर्फ सुना बल्कि उनके संघर्ष को नमन किया और बड़ी बहादुरी और उत्साह के साथ कहा कि दुर्भाग्य से आज भी कुछ लोग वंदे मातरम् के टुकड़े कर भारत के एक और विभाजन का दिवास्वप्न देख रहे हैं, जो हिंदू समाज के पीछे गहरे षड्यंत्र रच रहे हैं, उनका समय पर हिंदू समाज और देश के राष्ट्रभक्त नागरिक मुंहतोड़ जवाब देंगे और जनता वंदे मातरम् के कातिलों को सबक सिखाएगी। उनका यह उद्घोष पूरे देश के हिंदुओं के लिए एक नई ऊर्जा और संकल्प का मंत्र बन गया।
जिला मंत्री आशीष सूद और बजरंग दल के जिला संयोजक अभिषेक के संयुक्त नेतृत्व में निकली इस यात्रा का समापन विभाग अध्यक्ष दीपक खन्ना के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, लेकिन इसका संदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर तक गया है कि भारत की आत्मा को खंडित करने वाले षड्यंत्रों को नष्ट करने के लिए हिंदू समाज अब पूरी तरह जागृत, संगठित और संकल्पबद्ध है। यह यात्रा विभाजन की ऐतिहासिक पीड़ा के स्मरण के साथ राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के संकल्प को मजबूत करने वाली एक क्रांतिकारी पहल है।






