बाढ़ पीड़ितों के बीच जमीन पर बैठीं एसडीएम,साथ में भोजन कर बढ़ाया भरोसा

रिपोर्ट-बी जी मिश्र
जन एक्सप्रेस /हरदोई :- बाढ़ के संकट के बीच प्रशासनिक संवेदनशीलता की मिसाल सांडी क्षेत्र के बरौली गांव में देखने को मिली। बाढ़ चौकी पर पहुंचीं एसडीएम सवायजपुर शिवानी सिंह ने राहत व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन किया और उनके साथ आत्मीयता से समय बिताया।
एसडीएम ने बाढ़ प्रभावित महिलाओं, बच्चों और अन्य ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराए जा रहे भोजन का उन्होंने स्वयं वितरण कराया और यह सुनिश्चित किया कि कोई भी प्रभावित परिवार राहत से वंचित न रहे। इसके बाद वह करीब 25 महिलाओं और बच्चों के साथ जमीन पर बैठकर भोजन करने लगीं।एसडीएम का यह सहज और संवेदनशील व्यवहार बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। ग्रामीणों ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में अधिकारी का उनके बीच बैठकर उनकी तरह भोजन करना उन्हें प्रशासन के साथ होने का भरोसा देता है। एसडीएम ने भी लोगों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ के दौरान प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद के लिए प्रशासन पूरी तरह तत्पर है।बाढ़ चौकी पर एसडीएम के साथ नायब तहसीलदार राजेश कुमार पटेल, प्रधान प्रतिनिधि मदनपाल राजपूत, राजस्व निरीक्षक पवन द्विवेदी और लेखपाल दिव्यांशु कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






