Ayodhya NewsAyodhya Religious TraditionLucknowPoliticsSITAPURUP Breaking Newsअयोध्याअलीगढ़आजमगढ़उत्तर प्रदेशउन्नावकानपुरकुशीनगरचित्रकूटटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगदेशधर्मब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिराज्य खबरें

लखनऊ में सपा ने एयरपोर्ट निर्माण पर उठाए सवाल, 6 एयरपोर्ट पर उड़ान बंद होने का दावा

जन एक्सप्रेस /लखनऊ:- उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी होर्डिंग वार एक बार फिर तेज हो गया है। शनिवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय के बाहर सपा नेता हल्लू राम सुंदर यादव की ओर से एक होर्डिंग लगाई गई। इसमें प्रदेश में एयरपोर्ट निर्माण और उड़ानों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए गए हैं। होर्डिंग में इसे ‘एयरपोर्ट घोटाला’ बताते हुए करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद छह एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद होने का दावा किया गया है।

होर्डिंग के शीर्ष पर लिखा गया है— ‘उत्तर प्रदेश में एयरपोर्ट घोटाला, करोड़ों खर्च, 6 एयरपोर्ट बंद, यह कैसा विकास?’ इसके नीचे आरटीआई के हवाले से दावा किया गया है कि वर्ष 2021 के बाद शुरू हुए सात एयरपोर्ट में से छह पर उड़ानें बंद हो चुकी हैं।

सात एयरपोर्ट और निर्माण लागत का जिक्र

होर्डिंग में अयोध्या, कुशीनगर, आजमगढ़, अलीगढ़, मुरादाबाद, चित्रकूट और श्रावस्ती एयरपोर्ट का उल्लेख किया गया है। इसमें इनके निर्माण पर खर्च हुई रकम का भी जिक्र है।

होर्डिंग के मुताबिक, अयोध्या एयरपोर्ट पर 240 करोड़ रुपये, कुशीनगर पर 170 करोड़, आजमगढ़ पर 140 करोड़, अलीगढ़ पर 100 करोड़ से अधिक, मुरादाबाद पर 120 करोड़, चित्रकूट पर 160 करोड़ और श्रावस्ती एयरपोर्ट पर 170 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। पोस्टर में इन सात एयरपोर्ट की कुल लागत 1110 करोड़ रुपये बताई गई है।

सिर्फ अयोध्या में उड़ान जारी रहने का दावा

सपा नेता की ओर से लगाए गए पोस्टर में दावा किया गया है कि इन सात एयरपोर्ट में से सिर्फ अयोध्या एयरपोर्ट पर उड़ानें जारी हैं, जबकि छह एयरपोर्ट पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी उड़ानें बंद हैं।

पोस्टर में सवाल उठाया गया है कि जब एयरपोर्ट पर इतना पैसा खर्च किया गया, तो यात्रियों को सुविधा और संबंधित क्षेत्रों को अपेक्षित हवाई कनेक्टिविटी क्यों नहीं मिल रही है। इसमें इसे जनता के साथ धोखा बताते हुए सरकार से जवाब मांगने की बात कही गई है।

सरकार से मांगा एयरपोर्ट निर्माण का हिसाब

होर्डिंग लगवाने वाले सपा नेता हल्लू राम सुंदर यादव ने सरकार पर विकास के नाम पर जनता का पैसा बर्बाद करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार सात एयरपोर्ट बनवाने का दावा करती है, लेकिन उनके अनुसार इनमें से सिर्फ एक एयरपोर्ट पर उड़ानें संचालित हो रही हैं।

सपा नेता ने एयरपोर्ट निर्माण में भी अनियमितता का आरोप लगाते हुए सरकार से सभी सात एयरपोर्ट पर हुए खर्च का हिसाब जनता के सामने रखने की मांग की। साथ ही उन्होंने बंद एयरपोर्ट से उड़ानें तत्काल शुरू कराने की मांग उठाई।

हालांकि, होर्डिंग में लगाए गए ‘एयरपोर्ट घोटाला’ और खर्च से जुड़े दावे सपा नेता की ओर से लगाए गए आरोप हैं। इन दावों पर सरकार या संबंधित विभाग का पक्ष सामने आने के बाद तस्वीर और स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button