उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरेंवायरल

जौनपुर में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, मामूली विवाद बना जानलेवा

जन एक्सप्रेस/जौनपुर:  जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ताखा पूरब गांव में बुधवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। शराब के नशे में हुए विवाद के दौरान बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ताखा पूरब गांव निवासी 25 वर्षीय सुदर्शन यादव पुत्र विजय राज यादव बुधवार रात करीब नौ बजे अपने बड़े भाई अरबिंद यादव के साथ घर पर मौजूद था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।

ग्रामीणों के अनुसार, विवाद के समय दोनों भाई शराब के नशे में थे। इसी दौरान गुस्से में बड़े भाई ने छोटे भाई का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए।

ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी अरबिंद यादव को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों ने बताया कि मृतक सुदर्शन यादव मुंबई में रहकर काम करता था और करीब एक सप्ताह पूर्व ही अपने घर आया था। परिवार को क्या पता था कि घर वापसी उसके लिए अंतिम साबित होगी। इस घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में हुई मारपीट को हत्या का कारण माना जा रहा है।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह गंभीर अपराध का रूप ले सकती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नशे पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button