टिहरी में डॉक्टर दंपति के तबादले का हुआ विरोध

जन एक्सप्रेस /नई टिहरी:- जिला चिकित्सालय बौराड़ी में कार्यरत चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. राखी गुसाईं के स्थानांतरण का प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ की जनपद इकाई ने कड़ा विरोध किया है। संघ ने स्वास्थ्य मंत्री को पत्र भेजकर दोनों चिकित्सकों का स्थानांतरण जनहित में तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
संघ ने अपने पत्र में कहा है कि दोनों चिकित्सक पिछले 11 वर्षों से दुर्गम पर्वतीय जनपद टिहरी में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस दौरान चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अमित राय के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय बौराड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है।
पत्र के अनुसार अस्पताल में पहली बार लेप्रोस्कोपिक (दूरबीन) सर्जरी तथा स्टेपलर हेमोरॉयडेक्टॉमी जैसी आधुनिक शल्य चिकित्सा सेवाएं शुरू की गईं, जिससे मरीजों को उपचार के लिए देहरादून या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना पड़ रहा है।
संघ ने यह भी कहा कि डॉ. अमित राय और डॉ. राखी गुसाईं दोनों आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं में 24 घंटे मरीजों की देखभाल और निगरानी में सक्रिय रहते हैं। ऐसे में दोनों चिकित्सकों का एक साथ स्थानांतरण होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं और स्थानीय लोगों को गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ ने इस संबंध में टिहरी विधायक, मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) तथा प्रांतीय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संघ को भी अवगत कराया है। संघ ने जनहित को देखते हुए दोनों चिकित्सकों के स्थानांतरण आदेश तत्काल निरस्त करने की मांग की है।
स्वास्थ्य मंत्री को भेजे गए पत्र पर संघ के जिला अध्यक्ष डॉ. यश मोहन एवं महासचिव डॉ. गौरव भट्ट के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा कि जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए दोनों चिकित्सकों का स्थानांतरण रोका जाना आवश्यक है।






