नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट की बैठक संपन्न, गिरजाशंकर राय बने मार्टिनगंज तहसील अध्यक्ष

जन एक्सप्रेस / आजमगढ़: नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट (उत्तर प्रदेश) की जनपद आजमगढ़ इकाई की आवश्यक बैठक रविवार को महूजा रोड स्थित आर.ए.आर. मैरिज हॉल में आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बैठक में पत्रकारों के हित, संगठन की मजबूती और पत्रकार भवन के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी बलराम गुप्ता का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज तथा सरकार के बीच महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद पत्रकार पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। ऐसे में उनके हितों की सुरक्षा और सुविधाओं पर गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए।

बैठक के दौरान सर्वसम्मति से गिरजाशंकर राय को नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट (उत्तर प्रदेश) का मार्टिनगंज तहसील अध्यक्ष मनोनीत किया गया। संगठन के पदाधिकारियों और उपस्थित पत्रकारों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम में भाजपा के जिला महामंत्री अंकुर राय ने कहा कि पत्रकार समाज और सरकार के बीच आईने का कार्य करते हैं तथा लोकतंत्र को सशक्त बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों की निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता की सराहना की।
बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने की। जिला महामंत्री डॉ. अजय कुमार मिश्रा ने संगठन के इतिहास और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नेशनल यूनियन जर्नलिस्ट अपनी स्थापना से ही पत्रकारों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन भविष्य में भी पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगा।
इस अवसर पर मार्टिनगंज में पत्रकार भवन निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि से पत्रकारों के लिए भवन अथवा भवन निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर एसडीएम बलराम गुप्ता ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि इस विषय पर नियमानुसार आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम का संचालन अशोक विश्वकर्मा (गुलाबचंद शर्मा) ने किया। वहीं मुख्य अतिथि को पुनवासी मौर्य एवं संदीप कुमार विश्वकर्मा द्वारा राधा-कृष्ण का चित्र स्मृति-चिह्न स्वरूप भेंट किया गया।
बैठक के अंत में जिला अध्यक्ष संजय राही ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर विकास मिश्रा, प्रेम प्रकाश पांडेय, अजय कुमार, प्रमोद पटेल, अवनीश राय, इंद्रेश सिंह, नीरज पंडित, शुभम गुप्ता, विजय कुमार यादव, मोहम्मद अनीस, बृजेश सिंह, संजय यादव, दीपक राजभर, अनुपम सिंह, आकाश मस्ताना, विजय शंकर यादव, देवेश कुमार, महफूज खान, श्याम नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।






