उत्तराखंडटिहरी

देवल हत्याकांड: पीड़ित परिवार से मिले देशराज कर्णवाल, बोले- न्याय दिलाने के लिए सरकार करेगी मजबूत पैरवी

जन एक्सप्रेस/टिहरी: उत्तराखंड सरकार में समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष देशराज कर्णवाल ने प्रतापनगर क्षेत्र के देवल गांव पहुंचकर केतन लाल की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी मजबूती के साथ पैरवी करेगी।

शनिवार को देवल गांव पहुंचे देशराज कर्णवाल ने मृतक के पिता धनपाल लाल सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी भी परिजनों के साथ साझा की।

कर्णवाल ने कहा कि जिस तरह से केतन लाल को रात में घर बुलाकर लाठी-डंडों से पीटा गया, वह अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है। उन्होंने इसे क्रूरता की पराकाष्ठा बताते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सहित अन्य पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही।

देशराज कर्णवाल ने घटना में घायल दिवाकर डिमरी से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) टिहरी एवं मामले के जांच अधिकारी चंद्रमोहन सिंह ने उन्हें घटना के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी दी।

इस अवसर पर नगर पंचायत लंबगांव अध्यक्ष रोशन रांगड़, भाजपा के पूर्व जिला मीडिया प्रभारी डॉ. प्रमोद उनियाल, मंडल अध्यक्ष मनोज रमोला, हर्षमणी सेमवाल, मुरारी रांगड़, परशुराम सेमवाल, सुभाष रमोला, एडीओ समाज कल्याण मयंक थपलियाल, लंबगांव थानाध्यक्ष डीपी काला सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button