18 करोड़ की लागत से बन रहा अमेठी का सीएम कंपोजिट मॉडल विद्यालय
सितंबर 2026 तक पूरा होगा निर्माण कार्य* बच्चों को मिलेगी हाईटेक शिक्षा

जन एक्सप्रेस/अमेठी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट के तहत अमेठी के भेटुआ गांव में 18 करोड़ रुपये की लागत से एक सीएम कंपोजिट मॉडल विद्यालय का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। इस अत्याधुनिक विद्यालय का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को हाईटेक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्य सितंबर 2026 तक पूरा होने की संभावना जताई गई है।यह परियोजना मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी “मॉडल विद्यालय योजना” का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश के कई जिलों में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय स्थापित किए जा रहे हैं। अमेठी में यह विद्यालय 0.59 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनाया जा रहा है। निर्माण कार्य का जिम्मा सीएण्डडीएस को सौंपा गया है, जबकि कार्य को अंजाम लखनऊ की नेशनल इलेक्ट्रिक एंड इलेक्ट्रॉनिक सर्विसेज कंपनी द्वारा दिया जा रहा है।सीनियर साइट इंजीनियर विनोद कुमार यादव ने बताया कि परियोजना का कार्य जुलाई 2025 में शुरू हुआ था और अब तक लगभग 15 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण शुरुआती दिनों में कुछ बाधाएं आईं, लेकिन अब कार्य पूरी तरह से गति पकड़ चुका है।करीब 18 करोड़ रुपये (जीएसटी अतिरिक्त) की इस परियोजना में छात्रों के लिए सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। विद्यालय परिसर में मुख्य भवन, मिड-डे मील रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, बाल वाटिका, प्रिंसिपल आवास और अन्य स्टाफ आवासीय इकाइयां निर्मित की जा रही हैं। साथ ही, बच्चों के लिए खेल मैदान, बैडमिंटन कोर्ट और बास्केटबॉल ग्राउंड भी बनाए जाएंगे। विद्यालय की बाउंड्री वॉल का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है।यह परियोजना अमेठी जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय लिखेगी और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ने में मील का पत्थर साबित होगी






