प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में बढ़ी भारत की साख: बिप्लब देव

फरीदाबाद । त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा भाजपा प्रभारी बिप्लब देव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नौ साल में भारत सशक्त बनने की ओर अग्रसर हुआ है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की साख न केवल देश बल्कि पूरे विश्व में बढ़ी है और आज हर देशवासी की आत्मनिर्भरता, मान-सम्मान और मर्यादा भी बढ़ी है।
बिप्लब देव मंगलवार को फरीदाबाद के सेक्टर-15 स्थित भाजपा जिला कार्यालय अटल कमल पर आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर उनके साथ मुख्य रूप से केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा, विधायक राजेश नागर, सीमा त्रिखा, नरेंद्र गुप्ता, जगदीश नायर आदि मौजूद थे। देव ने पत्रकारों को बताया कि भारतीय जनता पार्टी नौ साल की सातत्वत्ता और कर्म कौशलता को जन जन तक पहुंचाने के लिए अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में पूरे देश में 30 मई से 30 जून तक एक माह तक महासंपर्क अभियान चला रही है।
बिप्लब देव ने कहा कि इस महासंपर्क अभियान की शुरूआत 29 मई को हुई। इस कार्यक्रम के तहत हर लोकसभा में एक बड़ी जनसभा आयोजित होगी और पूरे देशभर में 51 बड़ी रैलियां भी आयोजित होगी, जिसमें प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, पार्टी अध्यक्ष व केंद्रीय नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि महासंपर्क अभियान के तहत सोशल मीडिया के मित्रों के साथ स्मरण में भाग लेकर एक-एक लोकसभा में नए एक हजार परिवार के साथ कम से कम नया रिश्ता बंधन तैयार करना है और विधानसभा स्तर पर भी यही होगा। उन्होंने बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस पर शक्ति केंद्र तक योग शिविर आयोजित होंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री की डिजिटल रैली बूथ स्तर पर होगी, जिसमें दस लाख बूथ शामिल होंगे और हर बूथ पर एक स्क्रीन पर प्रधानमंत्री का संबोधन होगा। उन्होंने बताया कि प्रबुद्धजन के साथ सम्पर्क करना, नए लोगों को जोडऩा, व्यापारियों से सेमिनार आयोजित करना, बुद्धिजीवी व्यक्तियों के साथ समागम करना शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों के साथ संपर्क कर उनका धन्यवाद देना और लोगों से सौहार्दपूर्ण संबंध स्थापित कर उन्हें आगे के कार्यक्रमों के लिए अपने साथ जोडऩा है।
बिप्लब देव ने कहा कि हरियाणा में पहली बार ट्रांसपरेंस नीति चलाई गई, जिसके तहत बिना पर्ची बिना खर्ची के नौकरियां देने की व्यवस्था की गई। वहीं, प्रधानमंत्री के आयुष्मान भारत के माध्यम से हरियाणा के 90 लाख लोगों को सुविधा दिलाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जन्म से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक प्रधानमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, इंफ्रास्ट्रक्चर सहित हर क्षेत्र में काम किया और यही काम हम देशवासियों के सामने इस महासंपर्क अभियान के तहत लेकर जाएंगे।






