उत्तराखंड

उत्तराखंड में बारिश से हाहाकार: 233 सड़कें बंद, कई जिलों में येलो अलर्ट जारी

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज लगातार बदल रहा है। कभी तेज धूप निकल आती है तो कुछ ही देर बाद काले बादल छा जाते हैं। मौसम विभाग ने आज भी पहाड़ी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल के कई हिस्सों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों में भी तेज बौछारें पड़ने की आशंका है। विभाग का कहना है कि 13 सितंबर तक प्रदेश भर में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।

बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। जगह-जगह मलबा आने से 233 सड़कें ठप हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा के अनुसार, इन मार्गों को जल्द खोलने की कोशिश की जा रही है। बंद सड़कों में दो राष्ट्रीय राजमार्ग, 11 राज्य मार्ग, सात मुख्य जिला मार्ग, दो अन्य जिला मार्ग और 77 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तरकाशी है, जहां 44 सड़कें बंद हैं। चमोली में 42, रुद्रप्रयाग में 28, पौड़ी में 22, पिथौरागढ़ में 25, अल्मोड़ा में 21, टिहरी में 19, देहरादून में 12, हरिद्वार में चार, बागेश्वर में पांच, नैनीताल में छह और ऊधमसिंह नगर में भी पांच सड़कें बंद पड़ी हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button