दिल्ली/एनसीआरदेश

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ रची जा रही है गहरी साजिश: संजय सिंह

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने शुक्रवार को अपनी पार्टी का यह आरोप फिर से दोहराया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ गहरी साजिश रची जा रही है और जेल में उनके साथ कुछ भी हो सकता है। यहां एक संवाददाता सम्मेलन में सिंह ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘तंत्र’ किसी की हत्या करने के स्तर तक गिर सकता है।

संजय सिंह के आरोपों पर भाजपा ने तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। राज्यसभा सांसद ने केजरीवाल की बीमारी का ‘मजाक उड़ाने’ के लिए भाजपा नेताओं की आलोचना की। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री के बारे में मीडिया के माध्यम से ‘भ्रामक खबरें’ फैलाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया, ”यदि जेल के नियमों के अनुसार किसी कैदी की स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां साझा करने की इजाजत नहीं होती है तो ईडी ने बृहस्पतिवार को मीडिया में केजरीवाल का फर्जी आहार चार्ट क्यों साझा किया?”

संजय सिंह के आरोप पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। सिंह ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि केजरीवाल न तो टूटेंगे और न ही झुकेंगे। दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने बृहस्पतिवार को यह आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को जेल में घर के बने भोजन और इंसुलिन से वंचित कर मारने की साजिश रची जा रही है, लेकिन जेल अधिकारियों ने उनके इस आरोप को सिरे से खारिज कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button