उत्तराखंडपौड़ी

पौड़ी में उद्यम स्थापना को बढ़ावा: 08 औद्योगिक इकाइयों को मिली सैद्धांतिक स्वीकृति

जिला स्तरीय प्राधिकृत समिति की बैठक में हुआ निर्णय, पारदर्शिता व गति लाने को विभागीय चेकलिस्ट तैयार करने के निर्देश

जन एक्सप्रेस पौड़ी: “इज ऑफ डूइंग बिजनेस” यानी व्यापार सुगमता को बढ़ावा देने की दिशा में पौड़ी जिले ने एक अहम कदम बढ़ाया है। उत्तराखंड एकल खिड़की अधिनियम-2012 के अंतर्गत गठित जिला स्तरीय प्राधिकृत समिति की बैठक जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को लेकर आए 10 ऑनलाइन आवेदनों पर विचार किया गया।

विस्तृत जांच और विभागीय स्क्रूटनी के पश्चात जिलाधिकारी द्वारा 08 औद्योगिक इकाइयों को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई, जबकि 02 आवेदनों को आवश्यक विभागीय अनापत्तियों के अभाव में आगामी बैठक के लिए सुरक्षित रखा गया है।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने इस दौरान संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि औद्योगिक इकाइयों की श्रेणियों के आधार पर आवश्यक विभागीय अनापत्तियों की चेकलिस्ट तैयार की जाए, जिससे आवेदन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुगम हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला, महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, और प्रबंधक उद्योग राजेन्द्र प्रकाश आर्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।यह निर्णय जिले में औद्योगिक माहौल को मजबूत करने के साथ-साथ निवेशकों को आकर्षित करने की दिशा में एक सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। आने वाले समय में इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने की भी संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button