EDUCATIONउत्तराखंडदेहरादून

हर ब्लॉक में खुलेंगे अंग्रेजी माध्यम स्कूल

शिक्षा विभाग में होगी दो हजार शिक्षकों की भर्ती, घटती छात्र संख्या को रोकने की पहल

जन एक्सप्रेस/देहरादून(उत्तराखण्ड) : प्रदेश के सरकारी स्कूलों को फिर से आकर्षक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। अब हर ब्लॉक में अंग्रेजी माध्यम के स्कूल खोले जाएंगे। यह जानकारी उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने एससीईआरटी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में दी। साथ ही शिक्षा विभाग में दो हजार नए शिक्षकों की भर्ती की भी घोषणा की गई।

छात्र संख्या में गिरावट पर मांगी गई रिपोर्ट
शिक्षा मंत्री ने बताया कि सरकारी स्कूलों में घटती छात्र संख्या को लेकर विभाग से रिपोर्ट तलब की गई थी। रिपोर्ट में सामने आया कि अधिकांश अभिभावक अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाना चाहते हैं। साथ ही उन्होंने स्कूलों में सभी विषयों के योग्य शिक्षकों की मांग भी रखी।

486 लाख के निर्माण कार्यों का शिलान्यास
इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने 486 लाख रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय भवनों और शिक्षा निदेशालय के गेट सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया।

शिक्षकों के साथ अधिकारियों की भी होगी ऑनलाइन उपस्थिति
डॉ. रावत ने यह भी कहा कि अब शिक्षकों की तरह शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति भी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी, ताकि जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, एससीईआरटी निदेशक बंदना गब्र्याल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. मुकुल सती, प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल, संस्कृत शिक्षा निदेशक आनंद भारद्वाज और पदमेंद्र सकलानी सहित कई गणमान्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button