मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में दो लोगों ने BJP नेता पर कुर्सी फेंकी

टीकमगढ़। लोकसभा चुनाव पर, मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ में आयोजित एक राष्ट्रीय समाचार चैनल के कार्यक्रम के दौरान दो लोगों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक स्थानीय नेता पर कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना नजरबाग के एक मैदान में शनिवार को आयोजित किए गए टीवी कार्यक्रम के दौरान हुई और इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य दलों के प्रतिनिधियों ने इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
कोतवाली पुलिस थाना प्रभारी आनंद राज ने बताया कि आरोपी हिमांशु तिवारी और बाबर ने भाजपा के खिलाफ कथित तौर पर नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि भाजपा के जिला मीडिया प्रकोष्ठ प्रभारी प्रफुल द्विवेदी ने इस पर आपत्ति जताई और दोनों (तिवारी और बाबर) ने उन पर कथित रूप से कुर्सी फेंक दी।
अधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानीय नेताओं ने द्विवेदी को बचाने के लिए हस्तक्षेप किया, जिस कारण हाथापाई हुई। उन्होंने बताया कि द्विवेदी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 499 (मानहानि), 294 (आपत्तिजनक कृत्य), 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।






