बार्डर पर सोने जैसी धातु के साथ दो गिरफ्तार
नकली सोने का बिस्किट, आभूषण व फर्जी आधार, पैन कार्ड बरामद, आरोपियों द्वारा नकली सोने जैसी वस्तुओं को नेपाल राष्ट्र में करना था सप्लाई

जन एक्सप्रेस/महराजगंज : जनपद के भारत-नेपाल अंतराष्ट्रीय बार्डर के झूलनीपुर में तैनात 22वी वाहिनी एसएसबी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सोने जैसी दिखने वाली नकली सोने का बिस्किट, आभूषण व फर्जी आधार, पैन कार्ड बरामद हुआ है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपितों द्वारा नकली सोने जैसी वस्तुओं को नेपाल राष्ट्र में सप्लाई करना था। मामले में निचलौल पुलिस प्रशासन ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
मिली जानकारी के मुताबिक झूलनीपुर में तैनात 22वी वाहिनी एसएसबी जवानों ने पेट्रोलिंग के दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्ति पड़ोसी राष्ट्र नेपाल से भारतीय सीमा क्षेत्र प्रवेश किया। इस दौरान जवानों ने दोनों व्यक्तियों को रोककर पूछताछ और तलाशी ली तो दोनों के पास से सोने जैसी प्रतीत होने वाली वस्तुएं बरामद हुई। जिसमें गले की चैन, अंगूठी, ब्रासलेट व 4 बड़े बिस्किट, एक छोटा बिस्किट और एक हीरो मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है। पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान क्रमशः शाकिर अली खान पुत्र अब्दुल अनवर निवासी लक्ष्मीनगर थाना खोड़ारी जिला गोंडा, अबरार पुत्र दोष मोहम्मद ग्राम हरपुर निविहवा थाना बरगदवा जिला महराजगंज के रूप में हुई है।
फर्जी आधार व पैन कार्ड बरामद:
एसएसबी इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि बार्डर पर बाइक सवार दो संदिग्ध व्यक्ति के कब्जे से नकली सोने का बिस्किट, आभूषण बरामद हुआ है। जिसमें एक व्यक्ति के पास से फर्जी आधार, पैन कार्ड भी मिला है। जबकि दूसरे व्यक्ति के मूल निवास का आधार कार्ड मिला है। उन्होंने ने बताया कि सभी सामानों को कब्जे में लेकर दोनों व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के लिए निचलौल पुलिस प्रशासन को सुपुर्द कर दिया गया है।






