उत्तर प्रदेशजौनपुरराज्य खबरें

संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ कार्यक्रम, सीएम के उद्बोधन का किया गया सजीव प्रसारण

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर शासन के निर्देशों के क्रम में संविधान दिवस पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजनों का मुख्य आकर्षण लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सजीव प्रसारण रहा, जिसे जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वि./रा. राम अक्षयबर चौहान, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल समेत जिले के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने देखा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संविधान दिवस पर दिए गए उद्बोधन को सुना गया। साथ ही संविधान की भावना और इतिहास पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य अधिकारियों द्वारा बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके उपरांत सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने समारोह को संबोधित करते हुए संविधान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को देश का संविधान अंगीकृत और आत्मार्पित किया गया, जिसमें नागरिकों के मौलिक अधिकारों के साथ-साथ मौलिक कर्तव्यों का उल्लेख लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने संविधान निर्माण के दौरान भारत की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक मजबूती को सर्वोपरि रखा।

जिलाधिकारी ने सभी से संविधान के प्रति आस्था रखते हुए समाज में सद्भाव और समरसता बनाए रखने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button