हाथरस: शिव चरण लाल इंटर कॉलेज में चोरी, CCTV में कैद हुए चोर

जन एक्सप्रेस/हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला चंदपा कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर गांव से सामने आया है, जहां बदमाशों ने शिव चरण लाल इंटर कॉलेज को निशाना बनाया।
बीती रात अज्ञात चोर कॉलेज परिसर में घुस आए और वहां से एक लैपटॉप, चार एलसीडी मॉनिटर और दो सीपीयू चोरी कर ले गए। चोरी की पूरी वारदात कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोरों की गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलेज प्रबंधन ने चंदपा कोतवाली में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई। मामले में चंदपा कोतवाली प्रभारी श्याम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन कर दिया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल इलाके में इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।






