जौनपुर: बदलापुर में निलंबित प्रधानाचार्य जांच से रहे फरार, शाम तक इंतजार करते रहे जांच अधिकारी

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: बदलापुर नगर स्थित ईश्वरी नारायण संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में निलंबित प्रभारी प्रधानाचार्य लक्ष्मीकांत मिश्रा एक बार फिर जांच प्रक्रिया से बचते नजर आए। कार्यकारिणी समिति द्वारा गठित जांच के तहत निर्धारित तिथि पर विद्यालय पहुंचने के बावजूद वे उपस्थित नहीं हुए, जिससे जांच अधिकारी और विद्यालय प्रबंधन को घंटों इंतजार करना पड़ा।
विद्यालय कार्यकारिणी के प्रस्ताव पर निलंबन से जुड़े बिंदुओं की जांच के लिए नियुक्त जांच अधिकारी जे.एन. सिंह (जगन्नाथ सिंह), जो कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अधिवक्ता एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति के कोषाध्यक्ष हैं, पूर्व सूचना के अनुसार 10 जनवरी 2026 को विद्यालय परिसर पहुंचे थे। लेकिन निलंबित प्रधानाचार्य निर्धारित समय तक विद्यालय नहीं पहुंचे।
जांच अधिकारी के अनुसार, निलंबित प्रधानाचार्य से पूर्व में दूरभाष पर संपर्क कर उन्हें दोपहर 1 बजे तक विद्यालय में उपस्थित होने की जानकारी दी गई थी। प्रारंभिक बातचीत में उन्होंने आने की सहमति भी दी थी, किंतु इसके बाद न तो वे विद्यालय पहुंचे और न ही उनका मोबाइल फोन रिसीव हुआ। स्थिति यह रही कि जांच अधिकारी शाम 4 से 5 बजे तक विद्यालय परिसर में प्रतीक्षा करते रहे, लेकिन संपर्क स्थापित नहीं हो सका।
इस दौरान विद्यालय के अतिरिक्त प्रभार प्रधानाचार्य कमलेश कुमार यादव ने बताया कि निलंबित प्रभारी प्रधानाचार्य 14 दिसंबर 2025 से अब तक विद्यालय में उपस्थित नहीं हुए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विद्यालय से ले जाए गए महत्वपूर्ण अभिलेख अभी तक वापस नहीं किए गए हैं और न ही विधिवत रूप से प्रभार सौंपा गया है, जिससे विद्यालय की प्रशासनिक और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
जांच अधिकारी जे.एन. सिंह ने कहा कि निलंबित प्रधानाचार्य को जांच में शामिल होने के लिए यह पर्याप्त और अंतिम अवसर दिया गया था। पूर्व सूचना के बावजूद उपस्थित न होना और किसी प्रकार का सहयोग न करना उनके असहयोगात्मक रवैये को दर्शाता है। अब उपलब्ध अभिलेखों और पत्रावली के आधार पर आरोप पत्र तैयार कर संबंधित प्राधिकारी एवं निलंबित प्रधानाचार्य को सौंपा जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आरोप पत्र की नोटिस शीघ्र ही लक्ष्मीकांत मिश्रा को विधिवत तामिल कराई जाएगी तथा इसकी एक प्रति आवश्यक कार्रवाई के लिए अतिरिक्त प्रभार प्रधानाचार्य कमलेश कुमार यादव को भी भेजी जाएगी।
इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार सिंह, उप-प्रबंधक अखिलेश चंद्र शुक्ला, कार्यकारिणी अध्यक्ष रमेशचंद्र दूबे, कार्यकारिणी सदस्य आशीष पाण्डेय, शिक्षक बृजेश चंद्र शुक्ला, सेवानिवृत्त शिक्षक नरेंद्र नाथ तिवारी, शिक्षक शुभम सिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि निलंबित प्रधानाचार्य द्वारा बार-बार जांच से बचने की कोशिश विद्यालय की छवि और शिक्षण व्यवस्था दोनों को नुकसान पहुंचा रही है। आज जांच में आने की बात कहकर अनुपस्थित रहना मामले को और भी गंभीर बना रहा है।






