DM पुलकित गर्ग ने मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग का किया निरीक्षण

जन एक्सप्रेस/चित्रकूट: गुरुवार को जिलाधिकारी पुलकित गर्ग द्वारा राजकीय जिला पुस्तकालय में संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उन्हें परीक्षा की बेहतर तैयारी के लिए पिछले 15 वर्षों के प्रश्नपत्रों को हल करने की सलाह दी। उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि मेडिकल में चयनित होने के बाद जनपद में लौटकर सेवा दें, क्योंकि चित्रकूट जनपद में अच्छे चिकित्सकों की कमी है।
छात्र-छात्राओं की मांग पर जिलाधिकारी ने नीट की तैयारी हेतु प्रतिदिन तीन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। कोचिंग में अध्ययनरत छात्रों द्वारा स्थान की कमी की समस्या से अवगत कराने पर जिलाधिकारी ने अभ्युदय हॉल के ऊपर एक अतिरिक्त हॉल के निर्माण की अनुमति प्रदान की तथा सचिव, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण चित्रकूट को इस संबंध में शीघ्र कार्यवाही के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस कोचिंग में अत्यंत सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों से भी छात्र-छात्राएं अध्ययन कर रहे हैं। इसे देखते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के विद्यार्थियों की सुविधा के लिए इसी प्रकार की लाइब्रेरी एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की कक्षाएं अन्य तहसील मुख्यालयों में भी संचालित की जाएं। प्रथम चरण में मऊ तहसील में नीट कक्षाओं के संचालन हेतु योग्य शिक्षकों के इम्पैनलमेंट की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने भी नीट की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें एमसीक्यू टेस्ट पर विशेष ध्यान देने और निरंतर मेहनत के साथ अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।






