:जौनपुरjaunpurउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

ट्रैक्टर-ट्रॉली और इनोवा की आमने-सामने टक्कर, किशोर की मौत, नौ घायल

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर बदलापुर कोतवाली क्षेत्र के पूरामुकुंद गांव स्थित वाराणसी–लखनऊ फोरलेन हाईवे-731 पर गुरुवार तड़के करीब तीन बजे तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाने का खामियाजा एक किशोर को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। गलत दिशा से आ रही इनोवा कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली की आमने-सामने भिड़ंत में 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, फत्तूपुर गांव निवासी मधुबन गौतम बैंड पार्टी का कार्य करते हैं। गुरुवार रात वह सुजानगंज क्षेत्र में एक शादी समारोह में बैंड बजाने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे। घर से लगभग 800 मीटर पहले पूरामुकुंद गांव के पास सुल्तानपुर की ओर से गलत दिशा में आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सवार 15 वर्षीय सक्षम गौतम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर पर सवार अमरजीत (39), मधुबन (60), नन्हे (32), मनीष (28), इरफान (14) और प्रदीप गौतम (30) निवासी फत्तूपुर, बदलापुर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दूसरी ओर इनोवा कार में सवार मनीष यादव (18), आशुतोष तिवारी (22) और रहमत (25) को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक शेष कुमार शुक्ल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में इनोवा कार का गलत दिशा से आना हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button