जौनपुर: छात्रा से अशोभनीय हरकत के आरोप में प्रधानाध्यापक सस्पेंड, आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर: जौनपुर जिले के बरसठी विकास खंड स्थित एक परिषदीय प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार की छात्रा से अशोभनीय हरकत करने के गंभीर आरोप में प्रधानाध्यापक रजनीश निषाद को निलंबित कर दिया गया है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्रा शनिवार को स्कूल में छुट्टी मांगने के लिए प्रधानाध्यापक के पास गई थी। इसी दौरान आरोपी द्वारा कथित रूप से उसके साथ अशोभनीय व्यवहार किया गया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर आरोपी प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
इस मामले में खंड शिक्षाधिकारी गौतम प्रसाद की जांच रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. गोरखनाथ पटेल ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। बताया जा रहा है कि घटना के चार दिन बाद रिपोर्ट मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो आरोपी के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी जा रही है। अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई है।
प्रशासन का रुख
पुलिस और शिक्षा विभाग दोनों स्तर पर मामले की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।






