हरदोई के सांडी में पटाखा बनाते समय विस्फोट, दो महिलाएं गंभीर घायल

जन एक्सप्रेस/हरदोई: जनपद के सांडी कस्बे में होली के त्योहार से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। दो मंजिला मकान के अंदर पटाखा बनाते समय अचानक जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस हादसे में मकान को भारी नुकसान पहुंचा और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार सांडी कस्बे के मोहल्ला औलादगंज निवासी दिलशाद की कस्बे के बाहर पटाखा बनाने की दुकान है। गुरुवार शाम उसकी पत्नी साजिया (30) और देवरानी रुबीना (25), पत्नी इरशाद, घर के अंदर होली के मद्देनजर पटाखे तैयार कर रही थीं। इसी दौरान अचानक बारूद में विस्फोट हो गया।
धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई और आसपास के लोग घबरा गए। विस्फोट की तीव्रता से दो मंजिला इमारत की दीवारों में दरारें आ गईं और भवन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि इसी घर में वर्ष 2012 में भी इसी तरह का बड़ा विस्फोट हुआ था, जिसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी।






