जौनपुर: शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस/शाहगंज: जौनपुर के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र में शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था और आरोपी की तलाश की जा रही थी।
क्या है पूरा मामला?
शाहगंज क्षेत्र के खुटहन रोड निवासी युवक वीरू उर्फ शशांक (पुत्र शिव प्रसाद) के मकान में गौराबादशाहपुर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती किराए पर रहती थी। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध विकसित हो गए। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए।
परिजनों को जानकारी होने पर युवती को मकान से निकाल दिया गया। बाद में युवती के गर्भवती होने पर आरोपी युवक ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। शनिवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आरोपी युवक को उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में कोतवाली निरीक्षक किरन कुमार सिंह और उपनिरीक्षक ओमप्रकाश पांडे अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस ने आरोपी का चालान कर न्यायालय भेज दिया है।






